बीजेपी का पंजाब विरोधी एजेंडा बेनकाब, चंडीगढ़ के अधिकार छीनने की तैयारी : बलतेज पन्नू

केंद्र की भाजपा सरकार पंजाब के हकों पर डाका डालना बंद करे : बलतेज पन्नू

 

‘आप’ की चेतावनी : धारा 240 में संशोधन कर चंडीगढ़ पर कब्जा नहीं होने देंगे : पन्नू

 

 

Advertisement

चंडीगढ़, 22 नवंबर। आम आदमी पार्टी (आप) ने संसद के आगामी शीतकालीन सत्र में केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे प्रस्तावित संविधान (131वां संशोधन) विधेयक का कड़े शब्दों में विरोध किया है। ‘आप’ पंजाब के प्रदेश महासचिव बलतेज पन्नू ने इस संशोधन को पंजाब के हितों के बिल्कुल विपरीत बताया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि आम आदमी पार्टी किसी भी कीमत पर केंद्र द्वारा पंजाब के विरुद्ध रची जा रही इस साजिश को सफल नहीं होने देगी।

 

बलतेज पन्नू ने केंद्र की भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला करते हुए कहा कि यह बात समझ से परे है कि केंद्र की बीजेपी की पंजाब के साथ क्या दुश्मनी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा हर रोज़ कोई न कोई ऐसी चीज़ सामने लाई जाती है जिससे पंजाब और पंजाबियों के स्वाभिमान को परखा जा सके। उन्होंने पिछली घटनाओं का उदाहरण देते हुए कहा कि चाहे वह भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड पर जबरन कब्ज़ा करने की बात हो, ताकि पानी का नियंत्रण अपने हाथों में लिया जा सके, या हाल ही के दिनों में पंजाब यूनिवर्सिटी विवाद को लेकर जारी किए गए नोटिफिकेशन हों, जिसके कारण छात्र अभी भी धरने पर बैठे हुए हैं।

 

उन्होंने आगे बताया कि अब जो नई बात सामने आ रही है, वह यह है कि संसद के आने वाले सत्र में धारा 240 में संशोधन लाया जा रहा है। इस संशोधन के माध्यम से चंडीगढ़, जो इस समय केंद्र शासित प्रदेश है, के सभी अधिकार और प्रशासन पूरी तरह से राष्ट्रपति महोदय के अधीन आ जाएंगे। इसका सीधा मतलब यह होगा कि चंडीगढ़ पर पंजाब के अधिकार को पूरी तरह से समाप्त कर दिया जाएगा।

 

‘आप’ के महासचिव पन्नू ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा यह तैयारी इसलिए की जा रही है ताकि ‘न रहेगा बाँस और न बजेगी बाँसुरी’ वाली नीति लागू की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि चंडीगढ़ वह शहर है जो पंजाब के गाँवों को उजाड़कर बसाया गया था और इस पर सिर्फ पंजाब का ही हक है। इस संशोधन के बाद चंडीगढ़ को अंडमान-निकोबार या पुडुचेरी जैसे केंद्र शासित प्रदेशों की तर्ज पर लाया जाएगा और पूरा प्रबंध राष्ट्रपति के अधीन हो जाएगा।

 

पन्नू ने ज़ोर देकर कहा कि पंजाब हमेशा से अपने हकों के लिए लड़ता रहा है और भविष्य में भी लड़ेगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आम आदमी पार्टी और पंजाब की भगवंत मान सरकार इसका डटकर विरोध करेगी। उन्होंने कहा, हम अपने हक को ज़ाया नहीं होने देंगे और किसी भी हालत में धारा 240 में संशोधन नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए हमें जो भी कड़ा रुख अपनाना पड़ा, हम वह अपनाएँगे।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh