पंजाब पुलिस ने सरपंच और कबड्डी खिलाड़ी हत्याकांड के वांटेड शूटरों को छतीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से पकड़ा

सीएम मान का गैंगस्टरों को सख्त संदेश, अपराध करने वाले को पाताल से भी खोजकर निकाल लाएंगे : धालीवाल

‘‘आप’’ सरकार पंजाब को अपराधमुक्त करने के लिए मिशन मोड़ में काम कर रही : धालीवाल

 

चंडीगढ़, 12 जनवरी 2026 : मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी ने पंजाब में गैंगस्टर्स के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया है। इस कड़ी में सोमवार को पंजाब पुलिस ने गैंगस्टरों पर बड़ा प्रहार किया है। पंजाब पुलिस ने दो केस में वांटेड शूटरों को छतीसगढ़ और पश्चिम बंगाल से पकड़ा है। ‘‘आप’’ पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि सीएम भगवंत मान का गैंगस्टर्स को सख्त संदेश है कि सरकार अपराध करने वाले को पाताल से भी खोजकर निकाल लाएगी। ‘‘आप’’ सरकार पंजाब को अपराधमुक्त करने के लिए मिशन मोड़ में काम कर रही है। 

सोमवार को प्रवक्ता कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की अगुवाई वाली ‘‘आप’’ सरकार जो कहती है, वह करके दिखा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों अमृतसर के एक पैलेस में सरपंच जरनैल सिंह वलटोहा की हत्या में शामिल 7 दोषियों को पुलिस ने सिर्फ 8 दिनों के अंदर गिरफ्तार करके बड़ी कामयाबी हासिल की है।

Advertisement

‘‘आप’’ नेता प्रबवीर सिंह बराड़ के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने बताया कि पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलीजेंस टीम ने केंद्रीय एजेंसियों और अन्य राज्यों की पुलिस के साथ तालमेल करके इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया है। उन्होंने कहा कि दोषियों ने बिहार, पटना, नांदेड़ और रायपुर छत्तीसगढ़ जैसे इलाकों में पनाह ली थी, जिन्हें हमारी पुलिस ने 110 किलोमीटर तक सीसीटीवी ट्रैक करके और तकनीकी सबूतों के आधार पर काबू किया है।

उन्होंने जानकारी दी कि तरनतारन पुलिस ने इस मामले में तीन अन्य दोषियों कुलविंदर सिंह किंदा, अरमानदीप सिंह और हरप्रीत सिंह को भी गिरफ्तार किया है, जिन्होंने हथियार और मोटरसाइकिल मुहैया कराए थे। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ से पकड़े गए दो मुख्य दोषियों को एक-दो दिनों में पंजाब लाया जाएगा, जिसके बाद और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

कुलदीप सिंह धालीवाल ने कहा कि ये हत्याएं विदेशों में बैठे ऑपरेटरों के इशारे पर की जा रही हैं, जो यहां फंडिंग और हथियार मुहैया कराते हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि पंजाब की धरती पर खून-खराबा करने वालों के लिए सिर्फ दो ही जगहें हैं, जेल या फिर पुलिस की गोली।

कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाबवासियों को भरोसा दिलाया कि मान सरकार गैंगस्टरवाद और ड्रग माफिया के खिलाफ लंबी लड़ाई लड़ रही है और जल्द ही पंजाब को इन बुराइयों से पूरी तरह मुक्त कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब पुलिस की बहादुरी पर हमें गर्व है, जिसने काले दौर में भी पंजाब की रक्षा की थी और अब भी दिन-रात एक करके सूबे में अमन-शांति बहाल रख रही है।

 

उधर, ‘‘आप’’ पंजाब के स्टेट मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि पंजाब पूरी तरह सुरक्षित है और कानून व्यवस्था पूरी तरह काबू में है। उन्होंने चेतावनी दी कि कानून को अपने हाथों में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को पार्टी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि विपक्ष के कुछ नेता अमन-कानून की स्थिति पर लगातार सवाल उठा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके उलट है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति को दोहराते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति गोलियां चलाएगा या हिंसा करेगा, उसके साथ नरमी नहीं बरती जाएगी और उसे उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा।

सरपंच हत्या केस का हवाला देते हुए बलतेज पन्नू ने बताया कि पंजाब पुलिस ने करीब 110 किलोमीटर तक सीसीटीवी फुटेज की जांच की, दूसरे राज्यों तक मुलजिमों का पीछा किया और छत्तीसगढ़ पुलिस की मदद से दोनों शूटरों को गिरफ्तार कर लिया। मुलजिमों को पनाह देने वाले व्यक्ति को भी काबू कर लिया गया है और अब शूटरों को पंजाब लाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि लुधियाना के हैबोवाल इलाके में पुलिस पर गोलियां चलाने वाले गोदारा गैंग से जुड़े दो गैंगस्टरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है। इसी तरह, स्पोर्ट्स प्रमोटर राणा बलाचौरिया से जुड़े मोहाली गोलीबारी मामले में दोनों शूटरों को कोलकाता, पश्चिम बंगाल से गिरफ्तार किया गया है।

बलतेज पन्नू ने गैंगस्टरों और शूटरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि जो यह समझते हैं कि वे पंजाब में अपराध करके दूसरे राज्यों में छुप सकते हैं, वे बड़ी गलतफहमी में हैं। पंजाब पुलिस किसी भी राज्य में जाकर उनका पीछा करेगी और उन्हें गिरफ्तार करेगी। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के बारे में बलतेज पन्नू ने कहा कि इसी टास्क फोर्स ने अलग-अलग राज्यों में गिरफ्तारियां की हैं। मुख्यमंत्री मान की अगुवाई में पंजाब पुलिस को मजबूत किया गया है और उन्हें खुली छूट दी गई है कि किसी भी अपराधी को बख्शा न जाए।

बलतेज पन्नू ने कहा कि विपक्षी नेता इस बात को कभी स्वीकार नहीं करते कि पंजाब पुलिस 24 घंटों के अंदर केस हल करती है और दोषियों को सजा दिलवाती है। आज पंजाब पुलिस के पास आधुनिक वाहन, उन्नत निगरानी प्रणाली और नवीनतम तकनीक मौजूद है, जिससे वह हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। सीमावर्ती सूबा होने के कारण पंजाब की संवेदनशीलता का जिक्र करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि कुछ ताकतें बार-बार शांति भंग करने की कोशिश करती हैं, लेकिन उन्हें समझ लेना चाहिए कि ऐसी कोशिशें कामयाब नहीं होंगी।

नशों के खिलाफ सरकार की जंग का हवाला देते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि गैंगस्टरों के खिलाफ लड़ाई भी योजनाबद्ध और निरंतर जारी है। फिरौती, गोलीबारी या डराने-धमकाने की कोशिश करने वाले पंजाब पुलिस के फैसलाकुन जवाब के लिए तैयार रहें। उन्होंने दावा किया कि पिछली सरकारों के उलट, मान सरकार गैंगस्टरों को सरपरस्ती नहीं देती और न ही उनसे किसी तरह का कोई संबंध या तस्वीरें हैं। चाहे कोई भी व्यक्ति हो, वह किसी भी परिवार से संबंधित हो या कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। 

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh