अंग्रेजों द्वारा जिन अनसंग हीरोज को पेड़ों पर टांगकर गोलियां मारी, उनपर कोल्हू चलाए उनकी आत्मिक शांति के लिए आज हवन-यज्ञ के बाद शहीद स्मारक जनता के लिए खोला गया : ऊर्जा मंत्री अनिल विज

1857 के वीर शहीदों के इतिहास को भूला दिया गया था, उन शहीदों की याद में हमने अम्बाला छावनी में शहीद स्मारक बनाया : मंत्री अनिल विज

देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं जिसमें आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित सभी शहीदों को दिखाया गया हो : अनिल विज

शहीद स्मारक में ऑनलाइन बुकिंग शुरु, 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक निशुल्क एंट्री : विज

न्यूज़म ब्यूरो

अम्बाला, 15 नवम्बर – हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि 1857 में आजादी की पहली लड़ाई के दौरान अंग्रेजों द्वारा जिन क्रांतिकारियों को पेड़ों से टांग-टांग कर गोलियां मारी गईं, जिनपर कोल्हू चलवाए गए और जो गांव के गांव जला दिए गए, ऐसे सभी ज्ञान-अज्ञात शहीदों की आत्मा की शांति के लिए आज हमने शहीद स्मारक में हवन यज्ञ किया है और आज से ही शहीद स्मारक लोगों के लिए खुल गया है। लोग इसमें आकर सब कुछ देख सकते हैं।

Advertisement

विज आज अम्बाला छावनी में 1857 आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित शहीद स्मारक में हवन यज्ञ के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

उन्होंने कहा कांग्रेस के जन्म से 28 साल पहले सारे देश में लड़ी गई थी उसके इतिहास को भूला दिया गया था। उन शहीदों की याद में हमने अंबाला में एक भव्य शहीद स्मारक बनाया है और देश के गृह मंत्री अमित शाह जी ने 5 नवंबर को इसका लोकार्पण कर दिया था। यह लड़ाई अंबाला छावनी से शुरू हुई थी और पूरे देश में ऐसा एक भी स्मारक नहीं है, जिसमें आजादी की पहली लड़ाई को समर्पित सभी शहीदों को दिखाया गया हो।

उन्होंने बताया कि शहीद स्मारक में 23 गैलरी हैं और इसे देखने में लगभग 6 घंटे लगते हैं। यहां रात को लाइट एंड साउंड शो दिखाया जाएगा। इसमें एक गैलरी ऐसी बनाई गई है, जिसमें वह चाहते हैं कि हर दर्शक जरूर जाए। वह गैलरी जहां सभी शहीदों को जाकर अपनी श्रद्धांजलि देंगे। यहां ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि श्रद्धांजलि देने वाले का नाम भी रजिस्टर होगा।  उन्होंने यहां आने वाले लोगों से आह्वान किया कि लोग इस गैलरी में अवश्य जाएं और शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त करते हुए वहां श्रद्धांजलि अर्पित करें।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने बताया कि इस शहीदी स्मारक को बनाने में 600 करोड़ रुपये की लागत आई है और इसकी बुकिंग खुल गई है। अभी ट्रायल रन किया जा रहा है, इसलिए एक दिन में केवल 500 लोगों को शहीद स्मारक में जाने की इजाजत दी गई है। 15 नवंबर से 15 दिसंबर तक जो बुकिंग कराएगा, उसकी एंट्री फ्री है। बुकिंग ऑनलाइन भी हो रही है। उन्होंने बताया कि अभी जो बुकिंग हुई थी, उसमें कुछ लोगों ने बिना आधार कार्ड के बुकिंग कर दी थी, तो हमने उसे कैंसिल कर दिया था और उनके स्लॉट खाली हो गए थे। अब हमने आधार कार्ड अनिवार्य कर दिया है। अब बिना आधार कार्ड के बुकिंग होगी ही नहीं। इस महीने की कुछ सीटें खाली हो गई हैं। अगर लोग जाएंगे तो उनमें बुकिंग कर सकेंगे और जल्दी ही हम पेड बुकिंग भी शुरू कर देंगे।

ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने कहा कि हम चाहते हैं कि नया इतिहास, जो भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने लिखने का काम किया है, वह आने वाली पीढ़ी को जरूर दिखाया जाए क्योंकि पहले तो इनके बारे में गलत ही पढ़ाते थे, शहीदों बारे में कभी बताया नहीं गया। उन्होंने कहा आजादी के लिए एक कदम भी कोई घर से बाहर निकाला, तो वह उनके चरण स्पर्श करते हैं। मगर जिनको भुला दिया गया, उनकी याद में यह स्मारक बनाया गया है। वह चाहते हैं कि युवा पीढ़ी इसे जरूर इसको देखे। हमने सरकार को भी लिखा है कि सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों तथा कॉलेजों के बच्चों को यहां स्मारक दिखाने के लिए व्यवस्था की जाए।

इसके उपरान्त विज ने संग्रहालय में जाकर टिकटिंग व्यवस्था को भी परखा और यहां पर आजादी की पहली लड़ाई (इवेन्ट स्पोर्टस अम्बाला छावनी) यानी अम्बाला से जो आजादी की क्रांति शुरू हुई थी, उस पर आधारित फिल्म को देखा। यहा यह भी बता दें कि यह फिल्म श्री विज द्वारा स्वयं बनाई गई। इस फिल्म में यह दर्शाया गया है कि आजादी की लड़ाई में अम्बाला से सम्बधिंत घटना में 135 लोग मारे गए थे, जिनमें से 33 बंदी थे।

विज ने इस मौके पर यह भी कहा कि आज हम जो आजादी की सांस ले रहे है वे इन शहीदों की बदौलत है, जिन्होंने आजादी की लड़ाई में अपने प्राणों को हंसते हंसते न्यौछावर कर दिया। यह भव्य स्मारक शहीदों को समर्पित हैं।

शहीद स्मारक के निदेशक डॉ कुलदीप सैनी ने बताया कि आज स्मारक के खुलने के बाद पहले स्लॉट में पहुंचे दर्शकों का फूल भेंटकर अभिनंदन किया गया हैं। आगे भी स्लॉट के अनुसार दर्शकों को शहीद स्मारक को दिखाने का काम किया जाएगा।

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh