नशा तस्करों के दिन पूरे, पंजाब जल्द होगा नशा मुक्त : केवल सिंह ढिल्लों

झोटा की हत्या को निजी रंजिश बताने वाली ‘आप’ सरकार मांगे माफी: ढिल्लों

गृह मंत्री ने झोटा सहित सभी पीड़ित परिवारों को इंसाफ का दिया भरोसा: ढिल्लों

सभी मामलों की हो सीबीआई जांच, तभी मिलेगा इंसाफ: केवल ढिल्लों

नशे के खिलाफ उठी आवाजों को बंद करवाने पर ‘आप’ सरकार बुरी तरह फेल: भाजपा प्रधान

न्यूज़म ब्यूरो

Advertisement

चंडीगढ़, 20 अक्टूबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पंजाब यात्रा ने यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि नशा तस्करों के दिन अब पूरे हो चुके हैं और पंजाब बहुत जल्द नशा मुक्त होगा। यह बात पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने गृह मंत्री अमित शाह के साथ परविंदर सिंह झोटा सहित विभिन्न पीड़ित परिवारों से मुलाकात करने के बाद कही। ढिल्लों ने बताया कि आज उन्होंने गृह मंत्री के साथ गुरदासपुर में बिक्रमजीत सिंह, संगरूर के तूरबंजारा में गुलजार सिंह और मानसा में परविंदर सिंह झोटा के परिवारों से मुलाकात की। सब परिवारों को इंसाफ दिलाने का भरोसा दिया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब की ‘आप’ सरकार नशे को रोकने में बुरी तरह नाकाम रही है। और तो और जो भी नशे के खिलाफ आवाज उठाता है, उसे मार दिया जाता है।

झोटा हत्याकांड की सीबीआई जांच के पंजाब सरकार के फैसले पर ढिल्लों ने कहा कि यह फैसला इंसाफ देने की इच्छा से नहीं, बल्कि गृह मंत्री अमित शाह के आने की घबराहट का नतीजा है। उन्होंने कहा कि अब तक ‘आप’ सरकार परविंदर झोटा की हत्या के मामले को निजी रंजिश बताकर दबाती रही। इसलिए राज्य सरकार को झोटा के परिवार के साथ-साथ हर पंजाबी से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। सीबीआई को जांच सौंपना इस बात का सबूत है कि पंजाब सरकार पीड़ित परिवारों को इंसाफ देने में सक्षम नहीं है।

केवल सिंह ढिल्लों ने बताया कि भाजपा ने इस मामले में पहल की थी। पार्टी ने 13 अक्टूबर को पंजाब के राज्यपाल को पत्र लिखकर सीबीआई जांच की मांग की थी, क्योंकि ‘आप’ सरकार से किसी कार्रवाई की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा कि परविंदर सिंह झोटा सहित सभी पीड़ित परिवारों को इंसाफ की एकमात्र उम्मीद गृह मंत्री अमित शाह, केंद्र सरकार और सीबीआई से ही है। उन्होंने मांग की कि सिर्फ झोटा के मामले की नहीं, बल्कि सभी मामलों की सीबीआई जांच हो, तभी परिवारों को इंसाफ मिल सकेगा।’आप’ सरकार को आड़े हाथ लेते हुए केवल सिंह ढिल्लों ने कहा कि सिर्फ राज्य सरकार अपनी जवाबदेही से नहीं बच सकती। पंजाब अब ‘आप’ से पीछा छुड़ाना चाहता है और जनता बहुत जल्द इस झूठी सरकार को सत्ता से बाहर करेगी।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh