आतिशी का फर्जी वीडियो भाजपा की साजिश, फॉरेंसिक जांच में हुआ खुलासा : धालीवाल

पंजाब की आर्थिक बदहाली के लिए केंद्र की भाजपा सरकार जिम्मेदार : धालीवाल

धालीवाल ने पंजाबियों को किया सचेत, कहा – भाजपा पंजाब, गरीब, दलित और किसान विरोधी पार्टी, किसी भी साजिश का शिकार होने से बचें

 

अमृतसर/चंडीगढ़, 10 जनवरी : आम आदमी पार्टी (आप) पंजाब के मुख्य प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में भाजपा नेताओं ने जो किया, वह बेहद शर्मनाक है। पंजाब गुरुओं, संतों और पीरों की पवित्र धरती है, लेकिन भाजपा ने अपनी राजनीतिक रोटियां सेकने के लिए हमारे गुरुओं का अपमान करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी है। भाजपा अब उस स्तर पर गिर गई है जहां वह अपनी घटिया राजनीति के लिए धार्मिक भावनाओं का सहारा ले रही है। 

शनिवार को 'आप' नेता गुरप्रताप सिंह के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए धालीवाल ने कहा कि दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और विपक्ष की नेता आतिशी का जो एक फर्जी वीडियो वायरल किया गया, वह गहरी चिंता का विषय है। भाजपा नेता कपिल मिश्रा के अकाउंट से जारी इस वीडियो की जब जालंधर के एक व्यक्ति की शिकायत पर फॉरेंसिक जांच हुई, तो सच सामने आ गया। जांच में यह साबित हुआ कि आतिशी ने अपने पूरे बयान में कहीं भी गुरु साहिबान का नाम नहीं लिया था। भाजपा ने वीडियो के साथ छेड़छाड़ करके अपनी घटिया मानसिकता का सबूत दिया है। 

Advertisement

उन्होंने कहा कि एक तरफ मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में 'आप' सरकार ने श्री गुरु तेग बहादुर जी का 350वां शहीदी दिवस दिल्ली से लेकर पंजाब तक बड़ी श्रद्धा भावना के साथ मनाया, वहीं दूसरी तरफ भाजपा गुरुओं के सम्मान को मिट्टी में मिलाने का काम कर रही है। भाजपा की यह हरकत सिखों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। 

धालीवाल ने कांग्रेस और अकाली दल को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि इन पार्टियों के नेताओं ने भी बिना सच जाने उसी फर्जी वीडियो को अपने सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष को हमारी सरकार के कामकाज से कोई दिक्कत है, तो हमारी आलोचना करें, हमें मंजूर है। लेकिन अपनी राजनीति चमकाने के लिए हमारे गुरुओं को बीच में लाना और उनका अपमान करना बेहद निंदनीय है, जिसके लिए मैं इन सभी पार्टियों की कड़े शब्दों में निंदा करता हूं। 

आप नेता ने केंद्र सरकार पर सीधा आरोप लगाया कि आज पंजाब जिन आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, उसके पीछे भाजपा की केंद्र सरकार जिम्मेदार है, जिसने पंजाब के जायज फंड रोक रखे हैं। भाजपा इस तरह की ओछी हरकतों और फर्जी वीडियो के जरिए आम आदमी पार्टी को बदनाम करना चाहती है ताकि वह पंजाब में अपने पैर जमा सके। लेकिन पंजाब की समझदार जनता भाजपा की इन चालों को कभी कामयाब नहीं होने देगी। 

धालीवाल ने दुनिया भर के पंजाबियों को सचेत करते हुए कहा कि वे भाजपा की किसी भी तरह की साजिश का शिकार न हों। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल से लेकर पार्टी का हर कार्यकर्ता गुरुओं के चरणों में शीश झुकाता है और हम कभी भी गुरुओं के नाम पर राजनीति नहीं करते और न ही कभी करेंगे। भाजपा पंजाब, गरीब, दलित और किसान विरोधी पार्टी है, जनता आने वाले समय में इन्हें करारा जवाब देगी।

 

पढ़ने के लिए धन्यवाद

आपका समय और भरोसा हमारे लिए बहुत मायने रखता है। अगर यह खबर आपके लिए उपयोगी रही, तो हमसे जुड़े रहें — हर ज़रूरी खबर के लिए Newsam को फ़ॉलो करें।

Add a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
↑
Tap to Refresh